नागरिकता संशोधन कानून को लेकर सियासत अब आसमान तक पहुंच चुकी है। प्रदेश में इस कानून के समर्थन में घर-घर जाकर जनसमर्थन जुटा रही भाजपा अब पतंगबाजी के जरिए भी अभियान को आगे बढ़ाएगी। केंद्र सरकार नागरिकता संशोधन कानून की अधिसूचना जारी कर चुकी है। लेकिन प्रदेश में गहलोत सरकार ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार बयान दे रहे हैं कि प्रदेश में इस कानून को लागू नहीं करने देंगे। इधर भाजपा कानून को लागू करवाने के लिए जनसमर्थन रैलियां निकाल रही है। अब भाजपा ने इस अभियान को और ज्यादा आक्रामक बनाने के लिए पतंगबाजी के जरिए इसके प्रचार की योजना बनाई है।
इसके लिए करीब 5 हजार से ज्यादा बांटी जाएगी जिन पर सीएए के समर्थन में स्लोगन लगे होंगे। भाजपा मीडिया प्रभारी विमल कटियार ने बताया कि रविवार को सीएए के समर्थन में अग्रवाल कॉलेज में सुबह 11.30 बजे पतंगबाजी का आयोजन किया जाएगा।
इसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. सतीश पूनियां, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व जयपुर शहर अध्यक्ष मोहन लाल गुप्ता, जयपुर शहर अध्यक्ष सुनील कोठारी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। पतंगों पर सीएए के समर्थन वाले स्लोगन लगाए जाएंगे और इसके जरिए राज्य सरकार से प्रदेश में सीएए को जल्द से जल्द लागू की मांग करेंगे।